नई दिल्ली | सोने की कीमतों में मंगलवार को उतार-चढ़ाव देखने को मिला। एक ओर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना हल्की गिरावट के साथ ₹1,01,140 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा, वहीं दूसरी ओर दिल्ली के सर्राफा बाजार में इसके दामों में तेज़ उछाल दर्ज किया गया।
दिल्ली के बाजार में 99.9% शुद्धता वाला सोना 800 रुपये की तेजी के साथ ₹98,820 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि सोमवार को इसकी कीमत ₹98,020 थी। 99.5% शुद्धता वाला सोना भी 700 रुपये चढ़कर ₹98,500 प्रति 10 ग्राम पर बिका।
चांदी की कीमतें भी चढ़ीं
चांदी की कीमतों में भी तेज़ उछाल दर्ज किया गया। दिल्ली में यह 2,000 रुपये की बढ़त के साथ ₹1,12,000 प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई, जो पिछले सत्र में ₹1,10,000 थी। MCX पर चांदी ₹1,13,449 के आसपास कारोबार कर रही थी।
क्या है कीमतों के उतार-चढ़ाव की वजह?
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटी विश्लेषक सौमिल गांधी के मुताबिक, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आगामी बैठक को लेकर निवेशकों में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद बढ़ी है। साथ ही हाल ही में आई कमजोर रोजगार रिपोर्ट और फेड अधिकारियों की नरम टिप्पणियों ने सोने को ‘सुरक्षित निवेश’ के रूप में फिर से आकर्षक बना दिया है।
संभावना जताई जा रही है कि सितंबर में फेड ब्याज दरों में कटौती कर सकता है, जिससे ग्लोबल मार्केट में सोने की मांग और कीमतों में और उछाल आ सकता है।