चरखी दादरी | रक्षाबंधन के अवसर पर हरियाणा सरकार ने बहनों के लिए एक बार फिर सौगात दी है। प्रदेश की सभी रोडवेज बसों में महिलाओं और उनके साथ 15 वर्ष तक के बच्चों को 36 घंटे तक नि:शुल्क यात्रा की सुविधा दी जा रही है। यह सेवा 8 अगस्त दोपहर 12 बजे से लेकर 9 अगस्त रात 12 बजे तक जारी रहेगी।
इस घोषणा के साथ ही दादरी रोडवेज डिपो ने यात्रियों की सुविधा के लिए कमर कस ली है। डिपो प्रशासन ने अतिरिक्त बसें तैयार रखने के साथ-साथ सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। भीड़ के प्रबंधन के लिए रोडवेज डिपो ने विशेष महिला पुलिस बल की भी तैनाती सुनिश्चित की है।
क्या-क्या हैं प्रबंध:
- 128 नियमित बसें रूट पर रहेंगी, ज़रूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।
- प्रत्येक बस बूथ पर दो-दो कर्मचारी, दो शिफ्टों में तैनात होंगे।
- यात्रियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था भी रहेगी।
- बस स्टैंड और बसों में सुरक्षा के लिए महिला पुलिस कर्मी भी रहेंगी तैनात।
इन राज्यों में भी मिलेगा लाभ:
दादरी डिपो के यातायात प्रबंधक सुरेश लोहचब ने बताया कि यह सुविधा हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और चंडीगढ़ तक हरियाणा रोडवेज की बसों में मान्य होगी। यानी महिलाएं इन राज्यों में भी फ्री यात्रा का लाभ उठा सकेंगी।
सरकार और रोडवेज विभाग का यह प्रयास रक्षाबंधन के पावन पर्व पर सुरक्षित, सुगम और सुलभ यात्रा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।