Shimla Sanju
हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने गुरुवार को राज्य सचिवालय में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाओं पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
रोहित ठाकुर ने कहा, “कोई भी नेता आलाकमान के आदेश को नजरअंदाज नहीं कर सकता। मैंने और अन्य मंत्रियों ने दिल्ली में पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी राय रखी है। फिलहाल मैं अपनी वर्तमान जिम्मेदारी से संतुष्ट हूं, लेकिन अगर पार्टी कोई नई जिम्मेदारी देती है तो मैं पीछे नहीं हटूंगा।”
हिमाचल कांग्रेस में अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच रोहित ठाकुर का यह बयान राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने स्वीकार किया कि लंबे समय से संगठनात्मक नियुक्तियां न होने से पार्टी को नुकसान हुआ है और आगामी पंचायत व शहरी निकाय चुनावों से पहले कार्यकारिणी का गठन बेहद जरूरी है।
शिक्षा विभाग की बैठक और मानसून आपदा पर चर्चा
शिक्षा मंत्री ने विभागीय बैठक को रूटीन मीटिंग बताया, जिसमें शैक्षणिक कार्यक्रमों और स्कूलों की बरसात से हुई क्षति पर चर्चा हुई। उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश भर में करीब 500 से अधिक स्कूलों को नुकसान पहुंचा है, जिनमें से अकेले मंडी ज़िले में 200 से ज़्यादा स्कूल प्रभावित हुए हैं। स्कूलों के पुनर्निर्माण के लिए बजट की योजना तैयार की जा रही है।उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले विधानसभा के मानसून सत्र के मद्देनज़र शिक्षा विभाग पूरी तरह से तैयार है.