गुड़गांव | पुलिस ने सिरसा के वांछित अपराधी रमनदीप उर्फ पेट्रोल को मानेसर इलाके में एनकाउंटर कर घायल कर गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ हत्या, लूट और डकैती समेत दर्जनों संगीन मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि रमनदीप मानेसर से पचगांव की तरफ जा रहा है। नाकाबंदी के दौरान वह बाइक से भागने लगा और पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे पैर में गोली मारी और काबू कर लिया। आरोपी के कब्जे से बाइक और हथियार भी बरामद हुए हैं।
जांच में पता चला है कि रमनदीप हाल ही में सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर हुए हमले की रेकी करने में शामिल था। उसने कई बार फाजिलपुरिया की गतिविधियों की जानकारी शूटरों को दी थी। इसके अलावा, एसपीआर रोड पर हुए रोहित शौकीन मर्डर मामले में भी उसकी पूछताछ की जाएगी। पुलिस आरोपी की अस्पताल से छुट्टी का इंतजार कर रही है, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की जाएगी।