मॉस्को | रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच संभावित मुलाकात को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं। 7 अगस्त को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात के बाद पुतिन ने मीडिया को बताया कि दोनों नेता इस बैठक की इच्छा रखते हैं। हालांकि, तारीख और स्थान अभी तय नहीं हुए हैं।
पुतिन ने कहा, “हमारे कई मित्र ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन में मदद करने को तैयार हैं, जिनमें UAE भी शामिल है। इसलिए यह बैठक का उपयुक्त मंच हो सकता है।” इससे पहले दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने की प्रतिबद्धता जताई थी, जो फिलहाल 11.5 अरब डॉलर है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की से मुलाकात पर भी पुतिन ने दिया जवाब
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की से मिलने की संभावना पर पुतिन ने कहा कि सैद्धांतिक रूप से वह मिलने के पक्ष में हैं, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें पूरी होना जरूरी हैं। फिलहाल वह स्थिति उससे दूर है।
भारत-रूस संबंधों को भी मजबूती
पुतिन-ट्रंप बैठक के बीच, भारत और रूस के बीच रणनीतिक साझेदारी को भी बल मिला है। भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने क्रेमलिन में रूसी सुरक्षा परिषद के सचिव सर्गेई शोइगु से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन की तैयारियों और साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा की।
यह संकेत रूस-अमेरिका के बीच तल्खी के बाद रिश्तों में नरमी की ओर बड़ा कदम माना जा रहा है, जबकि भारत-रूस संबंधों में भी सकारात्मक विकास जारी है।