चंडीगढ़ | पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर कलाकार बिन्नू ढिल्लों और करमजीत अनमोल सहित कई सितारों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से हाल ही में मुलाकात की। इस मुलाकात की कुछ तस्वीरें मुख्यमंत्री सैनी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा कीं, जो अब तेजी से वायरल हो रही हैं।
करमजीत अनमोल ने बताया कि मुख्यमंत्री सैनी ने उन्हें हरियाणा में फिल्म शूटिंग के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए सब्सिडी भी प्रदान करेगी, ताकि यहां की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत को बड़े पर्दे पर लाया जा सके।
इस बैठक में हरियाणा में फिल्म इंडस्ट्री को बढ़ावा देने, शूटिंग के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और फिल्मकारों को सहूलियतें देने पर विस्तार से चर्चा हुई। करमजीत अनमोल ने स्पष्ट किया कि यह मुलाकात किसी राजनीतिक विषय से संबंधित नहीं थी, हालांकि वे पहले पंजाब में आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़ चुके हैं।
हरियाणा सरकार की यह पहल फिल्म निर्माताओं के लिए एक बड़ा अवसर साबित हो सकती है, जिससे राज्य में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। पंजाब के कलाकारों का हरियाणा के साथ यह जुड़ाव दोनों प्रदेशों की कला और संस्कृति को नई ऊँचाईयों पर ले जाने की संभावना रखता है।