जम्मू | पंजाब के रूपनगर से पहली बार एक मालगाड़ी कश्मीर घाटी के अनंतनाग गुड्स शैड तक सफलतापूर्वक पहुंची है। यह ऐतिहासिक कदम कश्मीर को राष्ट्रीय माल ढुलाई नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। इस मालगाड़ी में कुल 21 वैगन सीमेंट लदे थे, जिनका उपयोग घाटी में सड़कों, पुलों, आवासीय परियोजनाओं और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास में किया जाएगा।
यह लगभग 600 किलोमीटर की दूरी की यात्रा 18 घंटे से भी कम समय में पूरी हुई। इस लंबी दूरी को इतनी तेजी से तय करना लॉजिस्टिक्स और संचालन की उत्कृष्टता को दर्शाता है। इस मालगाड़ी के जरिये कश्मीर घाटी के निर्माण कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय जनता के जीवन स्तर में सुधार होगा।
इस अभूतपूर्व यात्रा की तैयारी भी पूरी सटीकता से की गई। 7 अगस्त की रात 11:14 बजे उत्तर रेलवे को मालगाड़ी भेजने के लिए इंडेट दिया गया। अगले दिन, यानी 8 अगस्त को सुबह 9:40 बजे रैक की व्यवस्था पूरी हुई और शाम 6:55 बजे मालगाड़ी रूपनगर स्थित गुजरात अंबुजा सीमेंट लिमिटेड से रवाना हुई। इसके बाद, बिना किसी बाधा के मालगाड़ी ने सफलतापूर्वक अपनी मंजिल पर पहुंचकर कश्मीर घाटी के लिए एक नई उम्मीद जगाई।
यह कदम न केवल कश्मीर के विकास के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह क्षेत्र को देश के बाकी हिस्सों के साथ जोड़ने और एकीकृत करने में भी अहम भूमिका निभाएगा। इस पहल से कश्मीर की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और समृद्धि के रास्ते खुलेंगे।