इजरायल | इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत-इजरायल संबंधों पर बड़ा खुलासा किया है। तेल अवीव में भारतीय पत्रकारों से बातचीत के दौरान नेतन्याहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके “अच्छे दोस्त” हैं और दोनों देशों के बीच रक्षा क्षेत्र में खास साझेदारी है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत को मिले इजरायली हथियार कारगिल युद्ध की तरह बेहद प्रभावी साबित हुए।
नेतन्याहू ने कहा कि वे मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से निपटने की सलाह देंगे, लेकिन यह बातचीत निजी रहेगी क्योंकि वे दोनों उनके “बेहतरीन दोस्त” हैं। उन्होंने अमेरिका-भारत संबंधों को “बहुत मजबूत” बताया और टैरिफ विवाद को सुलझाने की जरूरत पर जोर दिया। नेतन्याहू ने कहा कि भारत और इजरायल के बीच रक्षा सहयोग लगातार बढ़ रहा है, जिससे दोनों को फायदा हो रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत और इजरायल दोनों प्राचीन सभ्यताएं हैं और आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ना चाहिए। नेतन्याहू ने तेल अवीव-बेंगलुरु के बीच सीधी उड़ान शुरू करने की योजना का भी संकेत दिया। पाकिस्तान के साथ अमेरिका के संबंधों पर उन्होंने कहा कि भारत वॉशिंगटन का “मजबूत साझेदार” है और चिंता की कोई जरूरत नहीं।
इससे पहले, अमेरिका ने भारत पर रूस से कच्चा तेल आयात जारी रखने पर 25% टैरिफ बढ़ाया था, जिसे भारत ने अनुचित बताया था। नेतन्याहू ने कहा कि भारत और अमेरिका के मजबूत रिश्ते से इजरायल को भी फायदा होगा।