Chintpurni, 10 August
चिंतपूर्णी शक्तिपीठ में रविवार को भक्ति और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिला। करीब 10,000 श्रद्धालुओं ने मां चिंतपूर्णी की पावन पिंडी के दर्शन किए। दोपहर 2 बजे तक भक्तों की डबल लाइन पुराने बस स्टैंड से संतोष होटल तक फैली हुई थी। श्रावण अष्टमी मेला समाप्त होने के बाद भी श्रद्धालुओं का उत्साह और विश्वास कम नहीं हुआ।
जयकारों से गूंजते माहौल में भक्त अनुशासन के साथ मां के चरणों में नतमस्तक होते रहे। लुधियाना से आए अमन ने अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर दंडवत कर धन्यवाद अर्पित किया। सुरक्षा कर्मी लगातार लाइन व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्पर रहे।
भक्तों से गुलजार बाज़ार, खुश व्यापारी
बाबा श्री माई दास सदन से लेकर मंदिर परिसर तक श्रद्धालुओं की भीड़ से बाजारों में रौनक लौट आई। मंदिर अधिकारी अजय मड़ियाल के अनुसार, भीड़ को देखते हुए सुरक्षा कर्मियों को अलर्ट पर रखा गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुव्यवस्थित दर्शन मंदिर प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रही।