Shimla, Sanju
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भाजपा पर लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि देशभर में हो रहे चुनावों में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है।
प्रतिभा सिंह ने मंडी लोकसभा सीट के परिणाम पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एक नये चेहरे को बड़े अंतर से जीत मिलना संदेहास्पद है। उनका कहना है कि प्रदेश की चारों सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की लाखों वोटों से जीत अपने आप में शक पैदा करती है।
उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा भाजपा और चुनाव आयोग की सांठगांठ के आरोप पूरी तरह तथ्यों पर आधारित हैं।
शिमला स्थित राजीव भवन में, कांग्रेस ने राहुल गांधी के आरोपों—जिनमें फर्जी मतपत्र और वोट चोरी के मामले शामिल हैं—पर आधारित प्रेस कॉन्फ़्रेंस का वीडियो जारी किया।प्रेस वार्ता में प्रतिभा सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग का रवैया गैर-जिम्मेदाराना है और वह सार्वजनिक रूप से उजागर तथ्यों पर कार्रवाई करने से बच रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार के दबाव में चुनाव आयोग, राहुल गांधी से इन तथ्यों पर शपथ पत्र देने की मांग कर रहा है।प्रतिभा सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने लोकतंत्र बचाने और जनमत चोरी रोकने के लिए एक मुहिम शुरू की है, जिसमें पूरे देश को एकजुट होकर हिस्सा लेना चाहिए।