हरियाणा | हरियाणा के युवाओं के लिए खुशखबरी है। केंद्र सरकार ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम को रिक्रूटिंग एजेंसी के रूप में मान्यता दे दी है। अब यह निगम विदेश में नौकरी और शिक्षा के लिए युवाओं को भर्ती करेगा।
पहले भी यह निगम इजरायल, जर्मनी और दुबई में युवाओं को नौकरी दिलाने का काम कर चुका है। अब इजरायल को करीब 5 हजार नर्सिंग स्टाफ की जरूरत है, जिसे हरियाणा के नर्सिंग स्टाफ से पूरा किया जाएगा। सीएम नायब सैनी के सलाहकार पवन चौधरी के अनुसार, हरियाणा में नर्सों की संख्या सबसे ज्यादा है, इसलिए यहां से बड़ी संख्या में नर्स इजरायल भेजी जाएंगी।
इसके अलावा, संयुक्त अरब अमीरात को करीब 100 ड्राइवरों की भी मांग है, जिनके लिए राज्य सरकार तैयारी कर रही है। इस नई व्यवस्था से युवाओं को फर्जी एजेंसियों के चंगुल से बचाव मिलेगा और वे कानूनी तौर पर विदेश में रोजगार प्राप्त कर सकेंगे। हरियाणा कौशल रोजगार निगम और विदेश सहयोग विभाग मिलकर इस प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करेंगे। जल्द ही युवाओं को आवेदन और जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।