सोहना | सोहना अनाज मंडी में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने आज संयुक्त छापेमारी कर 3 गाड़ियों की जाँच की। इस दौरान लगभग 1300 किलो पनीर के सैंपल, साथ ही दो दुकानों से रसगुल्ला और घी के सैंपल भी लिए गए।
जानकारी के अनुसार, यह पनीर पलवल के खंड हथीन से सोहना लाई जा रही थी और स्थानीय दुकानों में सप्लाई की जा रही थी। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को लंबे समय से सोहना में नकली पनीर की सप्लाई की शिकायतें मिल रही थीं। इसी सूचना के आधार पर आज की छापेमारी की गई।
टीम ने पहले अनाज मंडी स्थित बाबूराम की दुकान पर पनीर उतार रही गाड़ी को रोका और उसमें भरे पनीर के सैंपल लिए। दुकान के अंदर बिक्री के लिए रखे रसगुल्ला और घी के भी सैंपल लिए गए। इसके बाद टीम ने श्री श्याम रसगुल्ला एवं पनीर भंडार पर सप्लाई कर रही दो अन्य गाड़ियों को भी रोका और सैंपल लिए।
फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर डॉ. रमेश चौहान ने बताया कि सभी सैंपल हथीन से आने वाली पनीर की खेप से लिए गए हैं और अब उन्हें लैब में जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम ने इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दिया है कि नकली और सिंथेटिक खाद्य पदार्थों के कारोबार पर कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब सबकी निगाहें इस पर लगी हैं कि टीम इस कथित नकली पनीर के कारोबार को रोकने के लिए और कौन से कड़े कदम उठाती है।