ठाणे | महाराष्ट्र के ठाणे शहर में तड़के सुबह एक बड़ी घटना टल गई। कलवा (पश्चिम) के खारेगांव इलाके में स्थित छह मंजिला इमारत के भूतल पर बने एक कैफे में अचानक आग लग गई। घटना के समय इमारत में लोग सो रहे थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी को भी जान का नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के मुताबिक यह कैफे “पारसिक कैफे” के नाम से चंद्रभागा पार्क परिसर में लगभग 1000 वर्ग फुट क्षेत्र में बना हुआ है। आग लगने की सूचना कैफे मालिक ने सुबह करीब 4:58 बजे आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ को दी। इसके बाद मौके पर दमकल विभाग की गाड़ियां और आपदा प्रबंधन दल पहुंचा और सभी निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
आग से कैफे को भारी नुकसान हुआ है। कैफे के अंदर रखी मेज़, कुर्सियां, फ्रिज, अलमारियां और रसोई का काफी सामान जलकर राख हो गया। हालांकि इमारत के बाकी हिस्से को समय रहते सुरक्षित कर लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आग पर सुबह 6:25 बजे पूरी तरह काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है।