Shimla, 14 August — हिमाचल स्कूल क्रीड़ा संगठन की ओर से बुधवार को इंदिरा गांधी खेल परिसर, शिमला में राज्य स्तरीय अंडर-15 बालिकाओंl की वॉलीबॉल चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। इस दौरान खेल परिसर उत्साह, अनुशासन और खेल भावना से सराबोर रहा।
प्रदेश के 11 जिलों से आईं 86 छात्रा-खिलाड़ियों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया। गहन मूल्यांकन के बाद 8 खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ियों में शिमला की ख्याति धानटा, अदिति, रिया, प्रीति, गुंजन, आयाना, वंशिका शर्मा और वानी झाकटा शामिल हैं। ये खिलाड़ी 27-28 अगस्त को पुणे (महाराष्ट्र) में होने वाली राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगी।अतिरिक्त निदेशक एवं संगठन के उपाध्यक्ष बी. आर. शर्मा ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने प्रदेशभर के शारीरिक शिक्षा प्रवक्ताओं, डीपीई, पीईटी और शिक्षकों से ग्रासरूट स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त निदेशक जीवन नेगी, संयुक्त निदेशक जगदीश नेगी, उपनिदेशक अजय सिंह, पूर्व सहायक निदेशक (शारीरिक शिक्षा) राजेश ठाकुर, महासचिव संतोष चौहान और सहायक निदेशक अजय पांटा मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और आयोजन समिति की सराहना की।