हरियाणा | हरियाणा में 79वें स्वतंत्रता दिवस पर राज्यभर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने और परेड का आयोजन किया गया। रोहतक के राजीव गांधी खेल स्टेडियम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ध्वजारोहण किया। इसके पहले सीएम ने राज्य स्तरीय युद्ध स्मारक पर शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने स्टेडियम में परेड का निरीक्षण किया।
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने यमुनानगर की अनाज मंडी में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। समारोह में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। इस दौरान स्कूल और कॉलेज के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
चरखी दादरी में सांसद धर्मवीर सिंह ने नई अनाज मंडी में ध्वजारोहण किया। उन्होंने मार्च पास्ट का निरीक्षण कर परेड की सलामी ली।
पंचकूला में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण में शामिल हुईं। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और जिला वासियों को संबोधित किया। इससे पहले उन्होंने सेक्टर 12 स्थित शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कैथल के पुलिस लाइन ग्राउंड में कैबिनेट मंत्री महिपाल ढांडा ने ध्वजारोहण किया। रेवाड़ी में उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया और युद्ध स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर वीर शहीदों की शहादत को सलाम किया।
प्रदेशभर में स्वतंत्रता दिवस के इस अवसर पर परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और शहीदों को श्रद्धांजलि देने का क्रम जारी रहा।