नई दिल्ली | भारत आज अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12वीं बार लाल किले से तिरंगा फहराया और देशवासियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने देश की आत्मनिर्भरता, टेक्नोलॉजी और भविष्य की दिशा पर बात की, लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान पाकिस्तान को दी गई कड़ी चेतावनी ने खींचा।
पीएम मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि भारत अब आतंकवाद और उसे पनाह देने वालों को अलग-अलग नहीं देखेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा, “भारत अब न्यूक्लियर ब्लैकमेल नहीं सहेगा।” पीएम ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि दुश्मन अपनी हरकतें जारी रखते हैं, तो भारतीय सेना अपनी शर्तों पर जवाब देगी। उन्होंने बताया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने भारत के लिए एक नया ‘न्यू नॉर्मल’ स्थापित किया है।
सिंधु जल समझौते का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इसमें भारत के साथ अन्याय हुआ। उन्होंने कहा, “अब खून और पानी साथ-साथ नहीं बहेंगे,” और किसानों के हितों पर कोई समझौता नहीं होगा।
देश की आत्मनिर्भरता और टेक्नोलॉजी पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने बताया कि भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में मेड इन इंडिया हथियारों का इस्तेमाल किया। पिछले 10 सालों में रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता लगातार बढ़ी है। साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले महीनों में भारत में बने सेमीकंडक्टर देश और दुनिया में उपलब्ध होंगे, जिससे विकास की गति और तेज होगी।