नासिक | नासिक जिले की डिंडोरी तहसील गुरुवार दोपहर अचानक तेज धमाके जैसी आवाज़ से दहशत में आ गई। करीब 25 किलोमीटर तक इस आवाज़ के असर से कई घरों की खिड़कियां तक टूट गईं। शुरुआत में स्थानीय लोगों को आवाज़ के कारण का कोई अंदाज़ा नहीं था, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जांच के बाद पुलिस और तहसील प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह आवाज़ हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा बनाए जा रहे सुखोई लड़ाकू विमान की थी। विमान ने उड़ान भरते समय ज़मीन के बेहद पास से गुज़रते हुए इतनी तेज़ आवाज़ पैदा की, जिसे तकनीकी भाषा में सोनिक बूम कहा जाता है।
पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने बताया कि सोनिक बूम के कारण यह तीव्र ध्वनि हुई और नागरिकों को घबराने की ज़रूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि इस दौरान कोई दुर्घटना नहीं हुई है, बल्कि सिर्फ आवाज़ और झटके के कारण लोगों में भय का माहौल बन गया।