शाहाबाद मारकंडा | कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा रविवार को विधायक रामकरण काला द्वारा गोगामेड़ी पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। उनके साथ पार्टी के जिला अध्यक्ष मेवा सिंह, निर्मल मोहड़ा और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मीडिया से बातचीत करते हुए हुड्डा ने बताया कि विधायक रामकरण गोगापीर के भक्त हैं और 45 दिन से उपवास रखकर गोगा नवमी के अवसर पर हर वर्ष यह आयोजन करते हैं।
भाजपा और चुनाव आयोग पर सवाल
हुड्डा ने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए हर व्यवस्था का इस्तेमाल कर रही है।
भिवानी मनीषा मर्डर केस पर प्रतिक्रिया
भिवानी में हुए चर्चित मनीषा हत्याकांड के बारे में हुड्डा ने कहा कि यह बेहद घिनौनी वारदात है और आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि समाज में सख्त संदेश जाए।
पूर्व सरकार और कानून व्यवस्था
सांसद ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी और उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में राज्य संभाला था, तब अपराध को काफी हद तक खत्म किया गया और 10 साल तक प्रदेश में शांति बनी रही।
चुनाव आयोग पर हमला
हुड्डा ने राहुल गांधी के प्रेस बयान का हवाला देते हुए कहा कि चुनाव आयोग अपनी निष्पक्ष भूमिका निभाने में असफल रहा और भाजपा की सहायक भूमिका में आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता हासिल करने के लिए साम, दाम, दंड, भेद और हर प्रकार के यंत्र-मंत्र-तंत्र का प्रयोग कर रही है।
सांसद ने नायब सिंह सैनी के हालिया बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि यही कारण है कि अब लोग चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठा रहे हैं।