भिवानी | मनीषा हत्याकांड का मामला लगातार और पेचीदा होता जा रहा है। इस मामले को लेकर जननायक जनता पार्टी के नेता दिग्विजय चौटाला ने कहा कि पूरा समाज और पार्टी मनीषा के परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने साफ कहा कि शासन-प्रशासन का कोई भी दबाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने इंटरनेट सेवाएं बंद करने के फैसले को भी गलत ठहराया।
इसी बीच मृतका के पिता संजय का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में संजय ने दावा किया है कि उन्होंने दबाव में आकर पहले बयान दिया था। उन्होंने कहा, “मेरी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती, मुझे इस पर विश्वास नहीं है। प्रशासन से मेरी गुहार है कि हमें न्याय दिलाया जाए। कमेटी और प्रशासन ने मुझ पर दबाव बनाया।”
पिता के इस नए बयान के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। अब परिवार खुले तौर पर न्याय की मांग कर रहा है और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं।