पटियाला | राजपुरा में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब हत्या के मामले में फरार चल रहा आरोपी पुलिस पार्टी से भिड़ गया। गुप्त सूचना के आधार पर जब पुलिस ने आरोपी गुरप्रीत सिंह को पकड़ने की कोशिश की तो उसने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।
एस.एस.पी. वरुण शर्मा ने बताया कि गुरप्रीत सिंह ने 20 अगस्त को गांव गज्जू माजरा में तरसेम सिंह नामक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या की थी और इसके बाद से फरार था। आरोपी पर हत्या के अलावा लूट और डकैती के कई गंभीर केस दर्ज हैं। पुलिस को शक है कि वह जल्द ही एक और बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था, लेकिन इससे पहले ही उसे पकड़ लिया गया।