कैथल। हरियाणा के कैथल जिले में पकड़े गए देवेंद्र सिंह के खिलाफ एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई की है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी से जुड़े होने के आरोपों में घिरे देवेंद्र के खिलाफ 136 पन्नों की चार्जशीट और 2 टीबी का डिजिटल सबूत अदालत में पेश किया गया है। फिलहाल देवेंद्र कैथल जेल में बंद है।
एसआईटी की जांच में खुलासा हुआ कि देवेंद्र पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के एक अधिकारी से लगातार वीडियो कॉल पर संपर्क में था। वह न केवल बातचीत करता था, बल्कि अपने इलाके की संवेदनशील जानकारी, तस्वीरें और अन्य अहम डेटा भी सोशल मीडिया व व्हाट्सऐप के जरिए भेजता था।
जांच अधिकारियों ने बताया कि देवेंद्र की गतिविधियों पर पहले से “ऑपरेशन सिंदूर” के तहत नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान मिले डिजिटल सबूतों, मोबाइल डेटा और ईमेल ट्रांजैक्शंस को सुरक्षित कर अदालत में सबूत के तौर पर जमा किया गया।
चार्जशीट में देवेंद्र पर जासूसी, देशद्रोह और संवेदनशील जानकारी विदेशी एजेंसी तक पहुँचाने के गंभीर आरोप दर्ज किए गए हैं। माना जा रहा है कि अब इस मामले की सुनवाई जल्द शुरू होगी। सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मामले पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।