Mandi, Dharamveer
मंडी जिले में उपभोक्ताओं से अधिक दाम वसूलने वालों के खिलाफ खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। विभाग की टीमों ने जिलेभर में औचक निरीक्षण अभियान चलाकर 77 दुकानों की जांच की।
जांच के दौरान पाया गया कि 22 दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर खाद्य वस्तुएं बेच रहे थे। विभाग ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए इन दुकानदारों से कुल 11,830 रुपये का जुर्माना वसूला।इसके अलावा 9 दुकानदारों को दुकान की व्यवस्था सुधारने के लिए चेतावनी दी गई, जबकि कुछ अन्य को नोटिस जारी किए गए हैं।
जिला नियंत्रक ब्रिजेंद्र पठानिया ने बताया कि यह अभियान उपभोक्ताओं को उचित दाम पर वस्तुएं उपलब्ध करवाने और बाजार में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और मुनाफाखोरी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।