हिसार | पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार ज्योति मल्होत्रा को आज अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश किया गया। यह उनकी दसवीं पेशी थी। उन्हें जेएमआईसी सुनील कुमार की अदालत में पेश किया गया।
ज्योति के वकील कुमार मुकेश ने बताया कि आज भी उन्हें चार्जशीट की कॉपी नहीं दी गई। वकील ने कहा कि चार्जशीट की कॉपी लेने के लिए वह अदालत में अलग याचिका दायर करेंगे।
कुमार मुकेश ने बताया कि ज्योति की अगली सुनवाई 2 सितंबर को होगी, जिसमें उन्हें फिर से व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होना होगा। आज ज्योति को मुख्य रूप से चार्जशीट की कॉपी मिलने के लिए ही पेश किया गया था, लेकिन यह कॉपी उन्हें नहीं दी गई।
वकील ने आरोप लगाया कि पुलिस जानबूझकर देरी कर रही है और यह प्रतीत होता है कि इस केस में पुलिस के पास अभी तक कोई ठोस सबूत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने जो एप्लीकेशन दी है, वह चालान में कुछ दस्तावेज़ शामिल नहीं करने के लिए लगाई गई है। यदि चालान 100 पेज से अधिक का होगा, तो उसकी डिजिटल कॉपी ही दी जाएगी। याद दिला दें कि 17 मई को ज्योति के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।