हरियाणा | हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। यू ट्यूबर एल्विश यादव के घर पर हुई फायरिंग मामले में गुड़गांव पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने हमलावरों को वारदात के लिए बाइक उपलब्ध कराई।
आरोपी की पहचान फरीदाबाद की पर्वतीय कॉलोनी निवासी जतिन के रूप में हुई है। वह पिछले दो महीनों से गुड़गांव में “रेपिडो” बाइक चला रहा था और पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बाइक भी उसके कब्जे से बरामद कर ली है।
पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के कहने पर बाइक उपलब्ध कराई और पूरी वारदात की योजना में मदद की।
इससे पहले फरीदाबाद अपराध शाखा ने वारदात में संलिप्त एक आरोपी को एन्काउंटर में काबू किया था। वहीं, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने भी मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही बाकी आरोपियों तक भी पहुंच बनाई जाएगी।