दीनानगर | पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने दीनानगर विधानसभा क्षेत्र के मकौड़ा पत्तन पहुंचे। रावी नदी में बाढ़ के कारण कई गांव पानी से ढके हुए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया और लोगों से बातचीत कर उन्हें राहत और सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने बेहरामपुर कस्बे में लोगों से कहा कि सरकार हर संभव प्रयास कर रही है ताकि जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्य तेजी से चलाने और बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई के लिए पर्याप्त मुआवजा देने के आदेश दिए।
भगवंत मान ने स्पष्ट किया कि पंजाब में बाढ़ का यह हाल पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बारिश के कारण उत्पन्न हुआ है। उन्होंने कहा कि गंभीर संकट की इस घड़ी में सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ है और किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के नेता और प्रशासनिक अधिकारी भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद थे।