पश्चिमी चंपारण | बिहार-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी सफलता हासिल की है। बल्थर थाना क्षेत्र के सोनरा टोला के पास सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और बल्थर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 25 करोड़ रुपये मूल्य का चरस बरामद किया गया।
जानकारी के मुताबिक नेपाल से लाई गई इस खेप को भारतीय सीमा में लाया गया था और इसे बेतिया शहर पहुंचाने की तैयारी थी। एसएसबी के सहायक सेनानायक अविनाश पटेल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी की और सीमा स्तंभ संख्या 410/1 के पास एक बाइक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान 60 पैकेट में रखा 62 किलो 666 ग्राम चरस बरामद किया गया।
इतनी बड़ी मात्रा में चरस देखकर पुलिस और एसएसबी के जवान भी हैरान रह गए। पकड़े गए तस्करों की पहचान बेतिया के लालगढ़ निवासी सोनू कुमार (23) और रमेश चौधरी (33) के रूप में हुई है। बल्थर थानाध्यक्ष लालदेव दास ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जब्त चरस की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 25 करोड़ 6 लाख रुपये आंकी गई है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां इस तस्करी नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं।