ऑस्ट्रेलिया | ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य के मैरीबर्नॉन्ग शहर के भारतीय मूल के मेयर प्रदीप तिवारी ने नस्लवादी विवाद और सोशल मीडिया पर मचे बवाल के बीच अपने पद से अस्थायी इस्तीफा दे दिया है।
तिवारी पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप लगा है। जैसे ही मामला सामने आया, सोशल मीडिया पर तिवारी ही नहीं बल्कि पूरे भारतीय समुदाय को निशाना बनाया गया। कई यूजर्स ने उनकी भारतीय पहचान को लेकर अपमानजनक और नस्लवादी टिप्पणियां कीं।
तिवारी ने फेसबुक पर पोस्ट करते हुए नाराजगी जताई। उन्होंने लिखा, “मेरे लिए यह समझना मुश्किल है कि पूरे भारतीय समुदाय का नस्लवादी टिप्पणियों से मजाक क्यों उड़ाया जा रहा है। नस्लवाद की हमारे समाज में कोई जगह नहीं है और मैं हमेशा इसके खिलाफ खड़ा रहूंगा।”
उन्होंने कहा कि जब तक कानूनी कार्यवाही पूरी नहीं होती, वे मेयर पद से दूर रहेंगे। इस बीच, सीआर बर्नाडेट थॉमस को कार्यवाहक मेयर नियुक्त किया गया है। हालांकि, तिवारी नगर परिषद सदस्य बने रहेंगे।
तिवारी ने साफ किया कि यह इस्तीफा स्थायी नहीं है। उन्होंने कहा, “मैं इस छोटे अवकाश के बाद वापसी करूंगा। हमारे शहर और समुदाय के लिए अभी बहुत काम बाकी है और मैं इसके लिए पूरी तरह समर्पित हूं।”