पटना | बिहार में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की अगुवाई में चल रही “वोटर अधिकार यात्रा” को लेकर सियासी संग्राम तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया है कि इस यात्रा के मंच से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की स्वर्गीय माताजी के लिए बेहद अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।
भाजपा ने कहा कि यह राजनीति की नीचता का सबसे बड़ा उदाहरण है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि राहुल और तेजस्वी ने मंच पर ऐसी गंदी भाषा का इस्तेमाल कराया, जिसे सार्वजनिक मंच पर दोहराना भी संभव नहीं।
हालांकि भाजपा ने इस घटना का वीडियो खुद साझा नहीं किया, लेकिन सोशल मीडिया पर कुछ हैंडल से वायरल हो रहे वीडियो में अज्ञात लोगों को आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए दिखाया गया है।
भाजपा का कहना है कि प्रधानमंत्री की मां को लेकर ऐसे अपशब्दों का प्रयोग विपक्ष की हताशा को दर्शाता है। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने पहले ही बिहार का अपमान करने वाले नेताओं—तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी—को अपनी यात्रा में शामिल कर गलती की है।
भाजपा प्रवक्ताओं ने कहा कि राहुल और तेजस्वी अगर “हजार बार माफी भी मांगें, तब भी बिहार की जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।” इस बीच, कांग्रेस की ओर से इस मामले पर अब तक आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।