नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली में बम धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। स्कूलों और अस्पतालों के बाद अब 20 से ज्यादा कॉलेजों को धमकी भरे ईमेल भेजे गए हैं, जिससे छात्र और स्टाफ में हड़कंप मच गया। चाणक्यपुरी स्थित जीसस एंड मैरी कॉलेज सहित कई कॉलेजों में पुलिस की टीमें तुरंत पहुंचीं। गहन तलाशी के बाद पता चला कि यह धमकियां फर्जी थीं।
पुलिस ने की सर्च ऑपरेशन:
धमकी मिलते ही पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम कॉलेजों में पहुंची और बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया। घंटों की जांच के बावजूद किसी कॉलेज परिसर से कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस का अनुमान है कि धमकी भेजने वालों ने वीपीएन का इस्तेमाल किया, जिससे उनकी पहचान छिपी रही।
लगातार बढ़ रही हैं धमकियां:
दिल्ली में पिछले 5 दिनों में 100 से ज्यादा स्कूलों और अस्पतालों को धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं।
- 20 अगस्त: 50 स्कूलों को ‘टेरराइजर्स 111’ ग्रुप ने धमकी भरे ईमेल भेजे, जिसमें 25,000 डॉलर और क्रिप्टो में 5,000 डॉलर की फिरौती मांगी गई।
- 21 और 22 अगस्त: बीजीएस इंटरनेशनल, मैक्सफोर्ट और इंद्रप्रस्थ इंटरनेशनल स्कूल को धमकियां मिलीं।
साइबर फोरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी हुई है, लेकिन अब तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका। लगातार धमकियां सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी हैं।