मंडी | पंडोह पुलिस के प्रभारी एसआई अनिल कटोच और हाईवे ट्रेफिक के कांस्टेबल चेत राम की सतर्कता से शनिवार सुबह खोतीनाला के पास बड़ा हादसा होने से टल गया। खोतीनाला के पास जहां लैंडस्लाइड हुआ है, वहां अगर इन दोनों ने सतर्कता दिखाते हुए ट्रेफिक को नहीं रोका होता तो फिर बड़ा हादसा हो सकता था। एसआई अनिल कटोच और कांस्टेबल चेत राम ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशों पर रात को हाईवे पर ट्रेफिक रोका गया था। सुबह हाईवे पर स्थिति का जायजा लेते हुए ट्रेफिक को बहाल किया जा रहा था। जैसे ही खोतीनाला के पास पहुंचे तो यहां पहाड़ी से कुछ छोटे-बड़े पत्थर गिरे हुए थे। तुरंत प्रभाव से सारे ट्रेफिक को रोका गया और जो वाहन आगे थे उन्हें पीछे हटाया गया। कुछ ही समय में पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा जमींदोज हो गया। अगर हमने ट्रेफिक जाने दिया होता तो वाहन इसकी जद में आ जाते और हादसा हो जाता।
हाईवे से गुजर रहे लोगों ने बताया कि अगर चौकी प्रभारी अनिल कटोच और कांस्टेबल चेत राम सतर्कता नहीं दिखाते तो यहां बड़ा हादसा होना तय था। अमूमन लोग ऐसे छोटे-छोटे पत्थरों को नजर अंदाज करके वहां से गुजर जाते हैं और यही हादसे का कारण भी बनते हैं। पुलिस ने जो सूझबूझ दिखाई उसकी वजह से लोग सुरक्षित बच पाए हैं। राहगीरों ने इसके लिए अनिल कटोच और चेत राम का आभार जताया है।
बता दें कि पंडोह से लेकर औट तक पंडोह पुलिस चौकी की टीमें और हाईवे ट्रेफिक की टीमें दिन रात सड़क पर डटी हुई हैं। यहां ट्रेफिक कंट्रोल से लेकर लोगों की सुरक्षा तक का खास ख्याल रखा जा रहा है। बहुत से पुलिस के जवान इसमें पूरी सक्रियता से काम कर रहे हैं।