करनाल | जिले के सौकड़ा गांव में हुई एक मामूली कहासुनी खूनखराबे में बदल गई। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने लाठी-डंडों से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी।
तरावड़ी थाना इंचार्ज राजपाल ने बताया कि मृतक रोहित अपनी मौसी के घर गया हुआ था। रात को वह मौसी के लड़कों के साथ सौकड़ा से रजवाहा घूमने निकला। इसी दौरान आरोपी और रोहित के बीच मामूली कहासुनी हुई, जो जल्दी ही हिंसक रूप ले गई। आरोपियों ने लाठी-डंडों से रोहित के सिर पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
रोहित को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। हत्या में इस्तेमाल लाठी-डंडे भी बरामद किए गए हैं। आरोपियों को आगामी जांच और न्यायिक कार्रवाई के लिए रिमांड पर लिया जाएगा।