जींद | हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने जींद में कांग्रेस पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तंज कसते हुए चुनावी घोटालों और फर्जी वोटों को लेकर आरोप लगाए। ढांडा ने कहा कि हुड्डा को यदि कोई बड़ा खुलासा करना है, तो वह जनता के सामने स्पष्ट करें। उन्होंने दावा किया कि पूर्व सरकारों के दौरान घुसपैठियों ने भारत में आकर आधार और वोटर कार्ड बनवाए, और अकेले बिहार में 71 लाख फर्जी वोट मौजूद हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस अब 40 सीटों तक सिमट गई है, जबकि इसे केवल 10 से 20 सीटों पर ही रहना चाहिए था। उन्होंने विपक्ष के रवैये पर भी सवाल उठाए, लेकिन कहा कि यदि विपक्ष कोई रचनात्मक सुझाव देता है, तो सरकार उसे मानने के लिए तैयार है।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर बात करते हुए ढांडा ने कहा कि बीजेपी सरकार की ‘ड्रोन दीदी’ योजना महिलाओं को प्रगतिशील बनाने में सफल रही है। इसके साथ ही नई ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ 25 सितंबर से महिलाओं को लाभ पहुंचाएगी और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाएगी।
शिकायत निवारण के मुद्दे पर ढांडा ने बताया कि हाल ही में आयोजित ग्रिवेंस कमेटी की बैठक में 15 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष शिकायतों को अगली बैठक में निपटाया जाएगा।
शिक्षा मंत्री का यह बयान जींद में साक्षात्कार के दौरान आया, जिसमें उन्होंने बीजेपी की नीतियों और योजनाओं का बचाव करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।