31 August, 2025
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने रविवार को वृंदा अपार्टमेंट, न्यू कॉलोनी पलवल में कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सुना। इस दौरान जिला अध्यक्ष विपिन बैसला सहित पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
राज्यमंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री का मन की बात कार्यक्रम देशवासियों को नई दिशा और प्रेरणा देने वाला है। उन्होंने युवाओं से खेलों में आगे आने और देशहित में कार्य करने की अपील की।पुलवामा में हुए क्रिकेट मैच को लेकर पीएम मोदी के संदेश का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह बदलते भारत का संकेत है—अब आतंकवाद फैलाने वालों को मुंहतोड़ जवाब मिलेगा। उन्होंने साफ कहा कि पलवल में कोई भी रोहिंग्या मुसलमान या बांग्लादेशी घुसपैठिया नहीं रहेगा, सभी को चिन्हित कर बाहर किया जाएगा।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए गौरव गौतम ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से ओछी राजनीति करती आई है। पीएम मोदी की माता पर अपशब्द कहना कांग्रेस की घटिया सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठ की राजनीति कर रही है और जनता का उस पर से विश्वास उठ चुका है, जबकि भाजपा जनहित के मुद्दों पर कार्य कर रही है।गौरव गौतम ने बताया कि हाल ही में पलवल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 150 से अधिक बांग्लादेशियों को पकड़कर उनके देश भेजा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूत और आत्मनिर्भर बन रहा है।