जम्मू | जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही मूसलधार बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। इसी बीच गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
अमित शाह ने तवी ब्रिज का भी निरीक्षण किया, जहां बाढ़ का पानी खतरे के निशान को पार कर चुका है और स्थिति गंभीर बनी हुई है। शाह ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रशासन को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
बता दें कि भारी बारिश से जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में जलभराव हो गया है, जिससे लोगों का सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। गृहमंत्री ने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी और प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से राहत पहुंचाई जाएगी।