1 September, 2025
38 वर्षीय नोवाक जोकोविच ने यूएस ओपन 2025 के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। इसी के साथ वे एक ही सीजन में चारों ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले सबसे उम्रदराज़ पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। आर्थर ऐश स्टेडियम में जोकोविच ने जर्मनी के क्वालिफायर जान-लेनार्ड स्ट्रफ को सीधे सेटों में 6-3, 6-3, 6-2 से हराकर यह रिकॉर्ड कायम किया।
यह जोकोविच का करियर का 14वां यूएस ओपन क्वार्टर फाइनल है। उन्होंने रोजर फेडरर और आंद्रे अगासी (13 बार) को पीछे छोड़ दिया है और अब केवल जिमी कॉनर्स (17 बार) उनसे आगे हैं। इस जीत के साथ वे यूएस ओपन क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले चौथे सबसे उम्रदराज़ खिलाड़ी भी बन गए हैं। अगला मुकाबला उनका चौथी वरीयता प्राप्त अमेरिकी खिलाड़ी टेलर फ्रिट्ज से होगा।
दूसरी ओर, 22 वर्षीय कार्लोस अल्काराज ने फ्रांस के आर्थर रिंडरकनेक को 7-6(3), 6-3, 6-4 से हराकर इतिहास रच दिया। अल्काराज ओपन एरा में 13 ग्रैंड स्लैम क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। अब उनका सामना चेकिया के जिरी लेहेका से होगा, जिन्होंने फ्रांस के एड्रियन मन्नारिनो को 7-6(4), 6-4, 2-6, 6-2 से मात दी। यह मुकाबला इस समर के क्वींस क्लब फाइनल का रीमैच भी होगा।अल्काराज का इस सीजन ग्रैंड स्लैम्स में रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है – 21 जीत और केवल 2 हार। उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टर फाइनल तक सफर तय किया, रोलां गैरो में रोमांचक अंदाज़ में खिताब जीता और विंबलडन के फाइनल तक पहुंचे।