पंचकूला | पंचकूला के मोरनी हिल्स में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। छामला गांव के पास घग्गर नदी उफान पर आ गई है और पानी पुल के ऊपर से बहने लगा है। इससे ग्रामीणों का आना-जाना पूरी तरह से रुक गया है।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब खडूनी गांव को जोड़ने वाली करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बनी पुलिया तेज बहाव में बह गई। यह पुल एक निजी कंपनी ने तैयार किया था, लेकिन पहली ही बड़ी बारिश में ढांचा पानी में समा गया।
पुल टूटने से खडूनी गांव का मुख्य संपर्क मार्ग पूरी तरह कट गया है और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि हर साल बरसात में ऐसी स्थिति बनती है, लेकिन प्रशासन अब तक कोई स्थायी हल नहीं निकाल पाया है। लोगों ने सरकार से तत्काल राहत और टिकाऊ इंफ्रास्ट्रक्चर की मांग की है।