नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को राजधानी में ‘सेमीकॉन इंडिया – 2025’ सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। यह तीन दिवसीय कार्यक्रम भारत के सेमीकंडक्टर उद्योग को प्रोत्साहित करने और इसे विश्व स्तर पर मजबूत करने पर केंद्रित है। सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री बुधवार को भी हिस्सा लेंगे और सीईओ गोलमेज बैठक में विचार साझा करेंगे।
सम्मेलन का उद्देश्य और फोकस
‘सेमीकॉन इंडिया – 2025’ में भारत के सेमीकंडक्टर क्षेत्र की प्रगति, फैब और उन्नत पैकेजिंग परियोजनाओं, स्मार्ट विनिर्माण, अनुसंधान और विकास, कृत्रिम बुद्धिमत्ता में नवाचार, निवेश के अवसर और राज्य-स्तरीय नीति के क्रियान्वयन पर सत्र आयोजित किए जाएंगे।
महत्वपूर्ण पहल और अंतरराष्ट्रीय सहयोग
कार्यक्रम में ‘डिज़ाइन लिंक्ड इंसेंटिव’ (DLI) योजना, स्टार्टअप इको-सिस्टम का विकास और भारत के सेमीकंडक्टर क्षेत्र के भविष्य की रूपरेखा पर चर्चा होगी। सम्मेलन में 48 से अधिक देशों के 2,500 से अधिक प्रतिनिधि, 150 से अधिक वक्ता, 350 से अधिक प्रदर्शक और 50 से अधिक वैश्विक हस्तियां शामिल होंगी। छह देशों के गोलमेज सत्र और अंतरराष्ट्रीय पवेलियन भी बनाए जाएंगे।
प्रधानमंत्री की दृष्टि
प्रधानमंत्री मोदी का लक्ष्य भारत को सेमीकंडक्टर डिज़ाइन, विनिर्माण और प्रौद्योगिकी विकास का प्रमुख केंद्र बनाना है। इससे पहले 2022 में बेंगलुरु, 2023 में गांधीनगर और 2024 में ग्रेटर नोएडा में इस सम्मेलन का आयोजन किया जा चुका है।