2 September, 2025
टी20 वर्ल्ड कप 2024 की ऐतिहासिक जीत के बाद सूर्यकुमार यादव ने भारतीय टी20 टीम की कप्तानी संभाली। रोहित शर्मा के बाद यह जिम्मेदारी हार्दिक पांड्या को मिलने की उम्मीद थी, लेकिन चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन ने सूर्या पर भरोसा जताया। कप्तानी संभालने के बाद से उन्होंने ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका जैसी बड़ी टीमों के खिलाफ सीरीज जीतकर खुद को साबित किया है।
10 सितंबर से शुरू होगा एशिया कप अभियान
भारत 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगा। इससे पहले 4 सितंबर को टीम प्रैक्टिस के लिए मैदान पर उतरेगी और 5 सितंबर से ट्रेनिंग कैंप शुरू होगा। जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है।
पहली बार सूर्या की कप्तानी में खेलेंगे बुमराह
बुमराह अब तक कभी सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में नहीं खेले हैं। यहां तक कि आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए भी सूर्या की कप्तानी के दौरान वह मैदान पर नहीं उतरे थे। अगर बुमराह फिट रहते हैं, तो एशिया कप में यह पहली बार होगा जब वह सूर्या की लीडरशिप में खेलेंगे।
सलामी जोड़ी पर संकट
अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने पिछले एक साल में भारत को बेहतरीन शुरुआत दिलाई है, लेकिन शुभमन गिल को उप-कप्तान बनाए जाने के बाद प्लेइंग इलेवन में फेरबदल की संभावना है। माना जा रहा है कि सैमसन को तीसरे नंबर पर भेजा जा सकता है।
मिडिल ऑर्डर की पहेली
ऐसे में चौथे नंबर पर सूर्यकुमार, पांचवें पर तिलक वर्मा और छठे नंबर पर हार्दिक पांड्या बल्लेबाजी कर सकते हैं। टीम मैनेजमेंट का अंतिम प्लान एशिया कप के शुरू होने के बाद ही सामने आएगा।