वेनेजुएला | अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के एक गिरोह पर हुए घातक सैन्य हमले को पूरी तरह सही ठहराते हुए कहा कि यह कार्रवाई लातिन अमेरिकी ड्रग माफियाओं के लिए चेतावनी है। ट्रंप ने साफ कहा कि इस तरह की कार्रवाई नशीले पदार्थ तस्करों को दोबारा अमेरिका की धरती पर जहर फैलाने से पहले सौ बार सोचने पर मजबूर कर देगी।
व्हाइट हाउस में पोलैंड के राष्ट्रपति कैरोल नावरॉकी के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने कहा, “हमारे देश में भारी मात्रा में ड्रग्स भेजे जा रहे थे, जिनसे लाखों लोगों की जान खतरे में थी। यह कदम उसी के खिलाफ उठाया गया है।”
जानकारी के मुताबिक, यह हमला अमेरिका की सामान्य एंटी-ड्रग रणनीति से हटकर था। ट्रंप ने हाल ही में वेनेजुएला की समुद्री सीमाओं के पास अमेरिकी नौसेना की तैनाती भी बढ़ाई है, जिससे इस ऑपरेशन को और ताकत मिली।
बुधवार को विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी दो टूक कहा कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। वहीं रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर आरोप लगाया कि वे अपने देश को “ड्रग माफिया की तरह” चला रहे हैं। हालांकि, अब तक अमेरिकी सरकार यह साबित नहीं कर पाई है कि जिन लोगों पर हमला किया गया, उनका संबंध कुख्यात गिरोह ‘ट्रेन डी अरागुआ’ से था या नहीं।