हाजीपुर | हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने एक बार फिर खतरा बढ़ा दिया है। पौंग बांध का जलस्तर बुधवार को 1394.47 फीट तक पहुंच गया, जिसके बाद भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) ने बांध से अतिरिक्त पानी छोड़ने का फैसला किया।
अधिकारियों के मुताबिक, डैम की सुरक्षा को देखते हुए बुधवार शाम से अतिरिक्त पानी छोड़ा जाने लगा। टर्बाइन और स्पिलवे गेट खोलकर करीब 99,985 क्यूसेक पानी शाह नहर बैराज में छोड़ा गया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम 7 बजे तक पौंग डैम झील में 1,07,517 क्यूसेक पानी की आवक दर्ज की गई। इसके बाद बैराज से 88,485 क्यूसेक पानी ब्यास नदी में और 11,500 क्यूसेक पानी मुकेरियां हाइडल नहर में छोड़ा गया।
पानी छोड़े जाने के कारण ब्यास दरिया के किनारे बसे पंजाब के कई गांवों में बाढ़ का खतरा गहराने लगा है। ग्रामीणों को अलर्ट जारी कर प्रशासन ने निचले इलाकों से सावधानी बरतने की अपील की है।