Mandi,Dharamveer
चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे के पंडोह से औट के बीच में बार-बार बंद होने से मालवाहक चालकों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। बहुत से मालवाहक वाहन ऐसे हैं जो कई दिनों से यहां फंसे हुए हैं। बीती 31 अगस्त से नेशनल हाईवे लगातार ही बंद पड़ा हुआ है। पिछले कल कुछ समय के लिए इसे खोला गया था लेकिन फिर से लैंडस्लाइड के कारण यह बंद हो गया है।
हाईवे के खुलने के इंतजार में कई दिनों से फंसे हुए हैं मालवाहक वाहन
फल-सब्जियां और अन्य प्रकार का सामान लेकर जा रहे वाहन चालकों ने बताया कि हाईवे बंद होने से उनका लाखों का नुकसान हो गया है। फल और सब्जियां सड़ गए हैं जबकि जो बाकी सामान इन वाहनों में ले जाया जा रहा है वह भी खराब होने की कगार पर पहुंच गया है। वाहन चालक ऐसी स्थिति में हैं कि अब ये न तो आगे जाने को रहे हैं और न ही पीछे मुड़ने को। इन्होंने सरकार और प्रशासन से गुहार लगाई है कि हाईवे खुलने की स्थिति में ऐसे वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर भेजा जाए जिनका सामान खराब हो रहा है या खराब होने की कगार पर है।
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि पंडोह से औट के बीच में हाईवे बार-बार बंद हो रहा है। मंडी से कुल्लू वाया कटौला मार्ग भी बंद पड़ा हुआ है। जैसे ही हाईवे खुल रहा है तो जरूरी सामान लेकर जा रहे वाहनों को पुलिस निगरानी में क्रॉस करवाया जा रहा है। बहुत से वाहनों को पंडोह, नौ मील और अन्य सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है। प्रशासन की मशीनरी मौके पर तैनात है लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण हाईवे बहाली के कार्य में काफी परेशानी पेश आ रही है।बता दें कि बीती 31 अगस्त से मंडी जिला में बारिश का दौर लगातार जारी है। इस कारण यहां सामान्य जनजीवन बूरी तरह से प्रभावित हुआ है। हाईवे सहित अन्य बहुत से मार्ग हैं जो बंद पड़े हुए हैं। इन्हें बहाल करने के लिए मौसम के खुलने का इंतजार किया जा रहा है।