नई दिल्ली | नई ऊंचाइयों को छूने के बाद बुधवार को सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट देखी गई है। 4 सितंबर को सोना 1,246 रुपए सस्ता होकर 1.15% टूटकर 1,05,966 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, चांदी में भी 1,865 रुपए की गिरावट दर्ज हुई और यह 1.55% घटकर 1,23,925 रुपए प्रति किलो पर आ गई।
दिल्ली के स्थानीय बाजार में बुधवार को सोना 1,000 रुपए की बढ़त के साथ 1,07,070 रुपए प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, मंगलवार को 99.9% शुद्धता वाला सोना 1,06,070 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इसके अलावा, 99.5% शुद्धता वाले सोने की कीमत भी लगातार आठवें दिन बढ़त बनाते हुए 1,06,200 रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई।
चांदी की बात करें तो दिल्ली में इसकी कीमत 1,26,100 रुपए प्रति किलो (सभी करों सहित) पर स्थिर रही, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ जिंस विश्लेषक सौमिल गांधी के अनुसार, इस सप्ताह अमेरिकी बेरोजगारी और वेतन संबंधी आंकड़े जारी होने वाले हैं। ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों के चलते सोने को समर्थन मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि बढ़ती वैश्विक अनिश्चितता और संभावित व्यापार तनाव से सोना-चांदी जैसे सुरक्षित निवेश विकल्पों की मांग में तेजी आई है।