चंडीगढ़ | महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) अब अपनी पहली महिला कमांडो टीम को मुख्य परिचालन में शामिल करने जा रहा है।
CISF प्रवक्ता के अनुसार, मध्य प्रदेश के बरवाहा स्थित क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र (RTC) में महिला कमांडो का प्रशिक्षण चल रहा है। यह 8 सप्ताह का विशेष कमांडो कोर्स उन्हें उच्च सुरक्षा वाले प्रतिष्ठानों और संयंत्रों में त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) और विशेष कार्य बल (STF) की जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार करेगा।
प्रशिक्षण के दौरान महिला कमांडो को शारीरिक फिटनेस, हथियार चलाने, तनाव की स्थिति में लाइव-फायर अभ्यास, दौड़, बाधा दौड़, रैपलिंग, जंगल में जीवित रहने की कला, कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेने और टीम वर्क जैसे अभ्यासों से गुजारा जा रहा है।
पहले बैच में 30 महिला कर्मियों को शामिल किया गया है, जो 11 अगस्त से विभिन्न हवाई अड्डों पर तैनात हैं और 4 अक्तूबर तक प्रशिक्षण पूरा करेंगी। इसके बाद दूसरा बैच 6 अक्तूबर से 29 नवंबर तक प्रशिक्षण लेगा। शुरुआती चरण में विमानन सुरक्षा समूह (ASG) और संवेदनशील CISF इकाइयों से चुनी गई कम से कम 100 महिलाएं यह प्रशिक्षण पूरी करेंगी।
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद महिला कमांडो को सबसे पहले देश के हवाई अड्डों पर और उसके बाद अन्य संवेदनशील प्रतिष्ठानों पर तैनात किया जाएगा।