जींद | जींद शहर थाना पुलिस ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और धमकाने के आरोप में बजरंग दल के प्रदेशाध्यक्ष हरीश रामकली और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के जिलाध्यक्ष सुशील सिंगला समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, भिवानी रोड के अजमेर बस्ती निवासी कर्मबीर ने शिकायत दर्ज कराई कि वह ईसाई धर्म में आस्था रखते हैं और हर रविवार अपने घर पर प्रार्थना का आयोजन करते हैं, जिसमें 40-50 लोग शामिल होते हैं। 27 अगस्त को आरोपी वहां पहुंचे और धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए धमकी दी। उन्होंने कहा कि यदि यहां रहना है तो हिंदू बनना होगा, अन्य धर्म का प्रचार करने वालों की हड्डियां तोड़ दी जाएंगी और इस जगह को हिंदू कॉलोनी बना दिया जाएगा।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बजरंग दल प्रदेशाध्यक्ष हरीश रामकली, विहिप जिलाध्यक्ष सुशील सिंगला, प्रांत प्रचार टोली सदस्य नवीन कुमार, जयपाल, चंद्रमोहन, महाबीर और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शहर थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि कॉलोनी निवासियों की शिकायत पर भी जांच की जा रही है।
आरोपियों का पक्ष लेते हुए हरीश रामकली ने कहा कि उन्होंने किसी को धमकी नहीं दी। उनका दावा है कि कर्मबीर स्थानीय निवासियों का धर्म परिवर्तन कराने के लिए बाहरी लोगों को बुला रहे थे। रामकली ने बताया कि वह 27 अगस्त को विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे, न कि प्रार्थना स्थल पर।