कुरुक्षेत्र | जिले के नैंसी गांव में देर रात तटबंध टूटने से नैंसी और टबरा गांव के खेत जलमग्न हो गए। प्रशासन को घटना की सूचना तुरंत मिली और अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुबह जिला उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि अभी तक आबादी में पानी नहीं पहुंचा है, लेकिन तटबंध टूटने के कारण पानी खेतों में भर गया है। उन्होंने कहा कि यह जल आगे चलकर मारकंडा नदी में वापस जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि कल रात अंबाला-मुलाना में पानी का स्तर 54 हजार क्यूसिक था, जो सुबह तक 34 हजार क्यूसिक तक घट गया। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगर अगले दिनों भारी बारिश नहीं होती है, तो जलस्तर और कम होगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचाएँ और सुरक्षित स्थानों पर रखें।