4 September, 2025
कोलंबिया में एक फुटबॉल मैच के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया जब एक खिलाड़ी ने महिला रेफरी पर हाथ उठा दिया। यह घटना रियल एलियांजा कैटाकेरा और डेपोर्टिवो क्विक के बीच सप्ताह के मध्य में हुए मुकाबले में घटी, जिसकी ज़िम्मेदारी रेफरी वैनेसा सेबालोस संभाल रही थीं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना मैच के 66वें मिनट में हुई। डेपोर्टिवो क्विक के खिलाड़ी जेवियर बोलिवार को रेफरी ने मैदान से बाहर जाने का आदेश दिया। गुस्से में उन्होंने सेबालोस के पास जाकर आपा खो दिया और अचानक उनके चेहरे पर थप्पड़ मार दिया।
अप्रत्याशित हमले से गुस्साई रेफरी ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और पीछे हटते हुए बोलिवार को लात मार दी। इसके बाद मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों ने बोलिवार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया और एक गोलकीपर ने उन्हें धक्का देकर मैदान से बाहर कर दिया।इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है और खेल जगत में खिलाड़ियों के आचरण पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।