जींद | हरियाणा के जींद जिले के गांव बराह कलां के 26 वर्षीय कपिल की अमेरिका के कैलिफोर्निया शहर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। कपिल करीब ढाई साल पहले डंकी रूट के जरिए 45 लाख रुपये खर्च कर अमेरिका पहुंचा था और वहीं एक स्टोर पर नौकरी कर रहा था।
कपिल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। पिता खेती-बाड़ी से परिवार का गुजर-बसर करते हैं और परिवार के पास सिर्फ दो एकड़ जमीन है।
कैसे हुई वारदात?
जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर कपिल काम करता था, वहां एक दिन एक स्थानीय युवक आया और खुले में पेशाब करने लगा। कपिल ने उसे रोकने की कोशिश की तो विवाद बढ़ गया। इसी दौरान हमलावर ने उस पर गोलियां चला दीं। कपिल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि आरोपी फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कपिल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का दर्द
कपिल के चाचा रमेश ने बताया कि रविवार को उन्हें अमेरिका से इस वारदात की सूचना मिली। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रमेश ने कहा कि उन्होंने तुरंत अमेरिकी पुलिस से संपर्क किया और पूरी जानकारी हासिल की।
सबसे बड़ी चिंता – कब आएगा शव?
अब परिवार की सबसे बड़ी चिंता कपिल का पार्थिव शरीर भारत लाने की है। बताया जा रहा है कि प्रक्रिया पूरी होने में कम से कम 15 दिन का समय लग सकता है।