कुलगाम । जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के गुद्दर वन क्षेत्र में सोमवार सुबह से आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ जारी है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक दो आतंकवादी मारे जा चुके हैं, जबकि सेना का एक जूनियर कमीशंड अधिकारी घायल हुआ है।
सूत्रों के अनुसार, यह अभियान खुफिया सूचना के आधार पर शुरू किया गया था। तलाशी के दौरान संदिग्ध हलचल दिखने पर सुरक्षा बलों ने आतंकियों को चुनौती दी। इस पर आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से भीषण गोलीबारी हुई।
अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन अभी भी जारी है और इलाके में सुरक्षा बलों का घेरा मजबूत कर दिया गया है ताकि किसी भी आतंकी की फरारी की संभावना न रहे।