Kangra, september
नूरपुर शहर के वार्ड नं. 9 में भारी बारिश के चलते भूस्खलन होने से एक तीन मंजिला मकान खतरे की जद में आ गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण ज़मीन करीब 10 फुट तक धंस चुकी है, जिससे मकान की नींव और दीवारें कमजोर हो गई हैं। इस स्थिति के चलते वहां रह रहे तीन परिवारों को अपना घर छोड़ना पड़ा और अब वे अस्थायी रूप से अन्य जगह शरण लिए हुए हैं।
मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक अजय महाजन और वन विभाग के डायरेक्टर योगेश महाजन सुंदरी ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना।अजय महाजन ने कहा कि जैसे ही बारिश का दौर थमेगा, प्रशासन सुरक्षा कार्य शुरू करेगा। उन्होंने बताया कि इस मामले का ऐस्टिमेट बनाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इसके बाद मुख्यमंत्री से मुलाकात कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
वहीं, योगेश महाजन ने कहा कि यह वार्ड उनका अपना घर है और यहां के परिवार उनके अपने परिवार जैसे हैं। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि प्रभावित परिवारों को न सिर्फ राहत राशि दी जाए, बल्कि पुनर्वास के लिए आर्थिक मदद भी मुहैया कराई जाए।पीड़ित परिवारों ने प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है और उम्मीद है कि जल्द ही स्थायी समाधान मिलेगा.