नई दिल्ली | हफ्ते की शुरुआत में आई भारी गिरावट के बाद मंगलवार (9 सितंबर) को सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का भाव रिकॉर्ड स्तर ₹1,09,204 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। वहीं चांदी में भी 0.33% की तेजी दर्ज की गई और इसका भाव ₹1,25,985 प्रति किलोग्राम हो गया।
राजधानी दिल्ली में सोने की चाल
सोमवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना रिकॉर्ड स्तर से फिसलकर ₹1,07,670 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। 99.5% शुद्धता वाला सोना भी ₹200 घटकर ₹1,06,800 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
शनिवार को 99.9% और 99.5% शुद्धता वाला सोना क्रमशः ₹1,07,870 और ₹1,07,000 प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था।
चांदी में भी उतार-चढ़ाव
सोमवार को चांदी ₹1,000 गिरकर ₹1,26,000 प्रति किलोग्राम पर आ गई थी। जबकि शनिवार को यह ₹1,27,000 प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच चुकी थी।
तेजी का कारण क्या है?
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के जिंस विश्लेषक सौमिल गांधी के अनुसार, “सोना फिलहाल तेजड़ियों (Bulls) के नियंत्रण में है। सोमवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट आई थी, लेकिन सुरक्षित निवेश की मांग, ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद और स्थिर अमेरिकी डॉलर ने इसे तेजी की ओर मोड़ दिया।”